Bageshwar Dham Pad Yatra 2025: पूज्य बागेश्वर धाम सरकार की इस वर्ष की दिल्ली से वृंदावन तक होने वाली पद यात्रा आध्यात्मिकता और आस्था का ऐतिहासिक संगम बनने जा रही है। इस पद यात्रा में देश के प्रतिष्ठित संतों, महात्माओं, और अनेक सुपरस्टार सेलिब्रिटीज़ के दिव्य दर्शन होने वाले हैं। 10 दिन चलने वाली इस पवित्र यात्रा में लाखों श्रद्धालुओं के उमड़ने की संभावना है, जो गुरु भक्ति और सनातन परंपरा का संदेश लेकर आगे बढ़ेगी।
पद यात्रा की शुरुआत मां कात्यायनी मंदिर से
इस पद यात्रा की शुरुआत 7 नवंबर को दिल्ली स्थित मां कात्यायनी मंदिर से होगी। पहले दिन पूज्य गुरुदेव स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज के दिव्य दर्शन होंगे और वे यात्रा का शुभारंभ करेंगे। उनके बाद मलूक पीठाधीश्वर स्वामी राजेंद्र दास जी महाराज भी पद यात्रा में शामिल होंगे।

महान संतों की पावन उपस्थिति
इस यात्रा में एक से बढ़कर एक पूज्य संतों की उपस्थिति देखने को मिलेगी। स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज एक दिन की यात्रा में पधारेंगे। परम पूज्य स्वामी चिदानंद सरस्वती जी महाराज और श्री पुंडरीक जी महाराज भी यात्रा में शामिल होंगे। इसके अलावा पूज्य श्री इंद्रेश उपाध्याय जी महाराज और बद्रीनाथ वाले महाराज जी पूरे दस दिन यात्रा में मौजूद रहेंगे।
वृंदावन से पूज्य श्री अनिरुद्धाचार्य जी महाराज और पूज्य श्री देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज अपनी उपस्थिति से यात्रा को और पवित्र बनाएंगे। वहीं अयोध्या के राजूदास जी महाराज भी इस यात्रा का हिस्सा बनेंगे।
बॉलीवुड और संगीत जगत के सितारों की झलक
यह पद यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि एक सांस्कृतिक उत्सव बन चुकी है। रामायण में श्रीराम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल जी, भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव, मनोज तिवारी और निरहुआ इस यात्रा में पूज्य गुरुदेव के साथ नजर आएंगे।
बॉलीवुड अभिनेता और निर्माता संजय दत्त भी इस यात्रा में सम्मिलित होंगे। कॉमेडी किंग राजपाल यादव और WWE चैंपियन द ग्रेट खली भी पूज्य बागेश्वर धाम सरकार के साथ पद यात्रा में पैदल चलेंगे।
भक्ति और संगीत का संगम
इस यात्रा में पूज्या साध्वी पूनम दीदी जी, पूज्या चित्रलेखा जी और भजन गायिका पूज्या जया किशोरी जी भी शामिल होंगी। पूज्या प्राची देवी जी भी अपनी उपस्थिति से यात्रा को और पावन बनाएंगी।
संगीत प्रेमियों के लिए भी यह यात्रा खास होगी क्योंकि जुबिन नौटियाल जी, कीर्तिद गढ़वी जी और बी पराग जी एक-एक दिन की यात्रा में भाग लेंगे। इसके साथ ही कन्हैया मित्तल जी रात्रि में भक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।
लाखों श्रद्धालुओं का संगम बनेगी पद यात्रा
पूज्य बागेश्वर धाम सरकार की यह पद यात्रा आस्था का विराट संगम बनने जा रही है। लाखों साधु-संत, भक्त, और देशभर से आए श्रद्धालु इसमें सम्मिलित होंगे। यात्रा के प्रत्येक चरण में भक्ति संगीत, साधना और गुरु वंदना का अद्भुत माहौल रहेगा।
मेरा नाम भूमेन्द्र बिसेन है। मैं TazaSanket.in का संस्थापक और एक प्रोफेशनल ब्लॉगर हूं। इस पोर्टल के जरिए मैं मध्य प्रदेश, खासकर बालाघाट की विश्वसनीय लोकल खबरें पहुंचाता हूं। डिजिटल पत्रकारिता में मुझे 4 वर्षों का अनुभव है और मेरा उद्देश्य समाज की सच्चाई को उजागर करना है।








