बालाघाट में 30 जून को निकलेगी भव्य भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा, जिलेभर से जुटेंगे श्रद्धालु

बालाघाट में 30 जून को निकलेगी भव्य भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा, जिलेभर से जुटेंगे श्रद्धालु

जगन्नाथ पुरी की तरह ही बालाघाट जिले में भी भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा देवी की रथ यात्रा अब भव्य रूप लेने जा रही है। इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने के लिए शुक्रवार को बालाघाट के सर्किट हाउस में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में रथ यात्रा की व्यापक तैयारियों और जिम्मेदारियों का बंटवारा किया गया। यात्रा का आयोजन विगत वर्ष से बालाघाट के विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है, और इस बार भी 30 जून को यात्रा बड़े ही धूमधाम से निकाली जाएगी।

भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के संयोजक बनाए गए डॉ. बी.एम. शरणागत

रथ यात्रा को और अधिक प्रभावशाली बनाने के उद्देश्य से इस वर्ष आईएमए के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. बी.एम. शरणागत को आयोजन का संयोजक बनाया गया है। डॉ. शरणागत ने बताया कि इस यात्रा के माध्यम से लोगों को सनातन धर्म से जोड़ने और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह यात्रा सनातन संस्कृति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।

read also: सरेखा रेलवे क्रॉसिंग ओवर ब्रिज का पहला फेज लगभग पूरा, जानिए कब आवागमन होगा शुरू ?

बालाघाट में 30 जून को निकलेगी भव्य भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा, जिलेभर से जुटेंगे श्रद्धालु

धार्मिक मान्यता और जनआस्था से जुड़ी रथ यात्रा

डॉ. शरणागत ने बताया कि धार्मिक मान्यता है कि रथ यात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के दर्शन मात्र से सभी पाप नष्ट हो जाते हैं और जीवन में सुख-शांति प्राप्त होती है। इस यात्रा को छूकर भगवान के प्रत्यक्ष दर्शन करने के लिए हर वर्ष लाखों श्रद्धालु उमड़ते हैं। बालाघाट में भी पिछले वर्ष रथ यात्रा का आयोजन बेहद भव्य और सफल रहा, जिसमें सभी वर्गों के लोगों ने सहयोग दिया था।

रथ यात्रा का मार्ग और कार्यक्रम

इस वर्ष 30 जून को शाम 4 बजे से भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा की शुरुआत नया राम मंदिर से होगी। यात्रा विभिन्न प्रमुख चौराहों जैसे आजाद चौक, आंबेडकर चौक, कालीपुतली चौक, मेन रोड, राजघाट चौक, महावीर चौक, सुभाष चौक, महाराणा प्रताप चौक और हनुमान चौक से होते हुए सिंधु भवन पहुंचेगी। यहीं विधिपूर्वक रथ यात्रा का समापन होगा और इसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

पूरे क्षेत्र से भक्तों के जुटने की संभावना

इस रथ यात्रा में केवल बालाघाट ही नहीं, बल्कि इंदौर, उज्जैन, छिंदवाड़ा, सिवनी और गोंदिया जैसे विभिन्न जिलों से भी भक्तों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति ने बताया कि 50 से अधिक श्रद्धालुओं के जत्थे बाहर से पहुंचने वाले हैं। इस धार्मिक कार्यक्रम की तैयारियों के लिए व्यापक योजना बनाई जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जनसहयोग की अपील

आयोजकों ने बालाघाट के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे 30 जून को होने वाली इस पावन रथ यात्रा में सपरिवार शामिल होकर भगवान श्रीजगन्नाथ के आशीर्वाद प्राप्त करें और इसे एक ऐतिहासिक आयोजन बनाएं। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष भारती ठाकुर, पूर्व अध्यक्ष रमेश रंगलानी, चैंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष अभय सेठिया, डॉ. प्रवीण ज्योतिषी, श्याम कौशल, मीना चावड़ा, राजेंद्र शुक्ल, अमर सिंह ठाकुर और राजेंद्र चौधरी समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment