विनोद ढेकवार कहते हैं मेहनत और लगन कभी व्यर्थ नहीं जाती, और इस बात को सच किया है बालाघाट जिले के हट्टा गांव निवासी विनोद ढेकवार ने। पेशे से पेंटर विनोद ने अपनी कला और समर्पण से पूरे जिले का नाम रोशन किया है। इंडिगो पेंट्स कंपनी द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में विनोद का चयन देश के टॉप 20 पेंटर्स में हुआ। गौरतलब है कि मध्यप्रदेश से केवल विनोद ही इस सूची में शामिल हुए।
विनोद ढेकवार को मुंबई में मिला एमएस धोनी के हाथों सम्मान
इंडिगो पेंट्स ने बीते तीन महीनों के दौरान सर्वाधिक अंक अर्जित करने वाले पेंटर्स को सम्मानित करने के लिए मुंबई में एक भव्य समारोह आयोजित किया था। इस प्रतियोगिता में विनोद ने 1 लाख से अधिक पॉइंट्स हासिल किए और अपनी मेहनत से सबको प्रभावित किया। कार्यक्रम के दौरान उन्हें महेंद्र सिंह धोनी और कंपनी के मालिकों ने एक बाइक, सम्मान पत्र और विशेष उपहार देकर सम्मानित किया।
धोनी से मुलाकात के अनुभव को साझा करते हुए विनोद ने कहा, “धोनी से मिलना और उनके हाथों सम्मान पाना मेरे लिए एक सपना सच होने जैसा था। यह सम्मान मैं अपने परिवार और सभी साथी पेंटर्स को समर्पित करता हूं।”
तीन महीने की मेहनत का बड़ा इनाम
विनोद ने बताया कि उन्होंने तीन महीने में इंडिगो पेंट्स की प्रतियोगिता में लगातार मेहनत की। उन्होंने कहा, “मैंने लगभग 1 लाख पॉइंट्स तीन महीनों में पूरे किए। कंपनी ने मुझे फोन कर बताया कि मैं महेंद्र सिंह धोनी से सम्मानित होने के लिए चयनित हो गया हूं। आने-जाने और रहने की पूरी व्यवस्था कंपनी ने की थी। यह कार्यक्रम 10 तारीख को मुंबई में आयोजित हुआ।”
जिले में गर्व का माहौल
विनोद ढेकवार के इस सम्मान के बाद बालाघाट जिले में गर्व और खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों और साथियों ने उनकी उपलब्धि पर बधाई दी और कहा कि उन्होंने साबित किया है कि गांव में रहकर भी मेहनत और लगन से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है।
मेरा नाम भूमेन्द्र बिसेन है। मैं TazaSanket.in का संस्थापक और एक प्रोफेशनल ब्लॉगर हूं। इस पोर्टल के जरिए मैं मध्य प्रदेश, खासकर बालाघाट की विश्वसनीय लोकल खबरें पहुंचाता हूं। डिजिटल पत्रकारिता में मुझे 4 वर्षों का अनुभव है और मेरा उद्देश्य समाज की सच्चाई को उजागर करना है।






