टॉक्सिक के हिंदी वर्जन में हुए बदलाव
यश स्टारर टॉक्सिक के हिंदी संस्करण को रिलीज से ठीक एक दिन पहले केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से मंजूरी मिली है। सेंसर बोर्ड ने फिल्म में आपत्तिजनक भाषा और ड्रग्स से जुड़े कुछ दृश्यों में बदलाव के निर्देश दिए। बदलावों के बाद फिल्म को ‘A’ सर्टिफिकेट दिया गया है।
गालियों और आपत्तिजनक संवादों पर कार्रवाई
सेंसर बोर्ड ने पहले हिस्से में मौजूद एक आपत्तिजनक संवाद और दूसरे हिस्से में बच्चे से कहे गए अभद्र संवाद को म्यूट करने का निर्देश दिया। एक आपत्तिजनक शब्द को बदलने के साथ ही दूसरे हाफ में मौजूद अश्लील संवाद को भी संशोधित करने को कहा गया।
ड्रग्स के इस्तेमाल से जुड़े एक दृश्य की अवधि कम की गई। इसके अलावा फिल्म में दिखाए गए वैधानिक चेतावनी संदेश को हिंदी में करने का निर्देश दिया गया।
3 घंटे से ज्यादा लंबी है फिल्म
सेंसर प्रमाणपत्र के मुताबिक फिल्म की लंबाई 194 मिनट 12 सेकंड है। यानी दर्शकों को करीब 3 घंटे 14 मिनट की कहानी देखने को मिलेगी।
इसमें यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत जैसे कलाकार नजर आएंगे। निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है।
आंध्र प्रदेश में भी शुरू हुई बुकिंग
आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में टिकट बिक्री शुरू होने के बाद दक्षिण भारत में फिल्म को लेकर उत्साह बढ़ा है। तेलंगाना में 26 अगस्त से 4 सितंबर तक सिनेमाघरों को टिकट दरों में बढ़ोतरी की अनुमति भी मिली है।